हिमाचल में मां ने प्रेमी के साथ मिलकर की अपनी 4 वर्षीय बेटी की हत्या
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश में एक कलयुगी माँ ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मासूम बच्ची की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी माँ अनीता देवी और उसके प्रेमी सोनू के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 व 238 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर के नौशेरा की रहने वाली 30 वर्षीय महिला सोशल मीडिया पर सोनू (32) गांव चिल्ली पोस्ट सरिबन तहसील ठियोग शिमला के संपर्क में आई। बता दें सोनू ड्राइवर है।
अनीता 26 जुलाई को अपनी चार वर्षीय बेटी को साथ लेकर सोनू के साथ घर से भाग गई। इसके चलते पिता और दादी ने पुलिस थाना शाहपुर में 27 जुलाई को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसके बाद पुलिस ने 7 अगस्त को उन्हें जीरकपुर से ढूंढ निकाला, लेकिन उनके साथ बच्ची नहीं थी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि बच्ची को ठियोग में रिश्तेदारों के पास छोड़ा है, लेकिन जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उन दोनों ने बच्ची की हत्या कर दी है और उसे ठियोग में ही दफना दिया था।
इसके बाद शाहपुर पुलिस ने ठियोग पहुंचकर बच्ची के शव को बरामद किया था। बच्ची का शव टांडा अस्पताल पोस्टमार्टम के बाद उसके पिता और दादी के सुपुर्द किया गया। कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।
