हिमाचल में मिला नाबालिग लड़की का शव, 8 दिनों से चल रही थी लापता
HNN/ ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले उपमंडल गगरेट की ग्राम पंचायत नंगल जरियालां के टीका हरवाल में एक लापता नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ है। हालाँकि लड़की की मौत का असली कारण क्या है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की 12 दिसंबर को दुकान पर सामान लेने गई थी।
जिसके बाद वह घर वापस नहीं आई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की परन्तु उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई।
इसी बीच अब टीका हरवाल से लड़की का शव बरामद हुआ है। बता दें कि नाबालिग लड़की बिहार राज्य की है जो कि अपने परिवार के साथ नंगल जरियालां में रह रही थी। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने मामले पुष्टि की है।