Loading...

हिमाचल में मिला हरियाणा के युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

By PARUL Published: 10 Feb 2024, 11:21 AM | Updated: 10 Feb 2024, 11:21 AM 1 min read

HNN/ऊना

जिला ऊना में भरवाईं-मुबारिकपुर मार्ग पर खड़ी कार में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान सौरभ धमीजा (32) पुत्र अशोक कुमार निवासी यमुनानगर, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा कि युवक काफी वर्षों से चिंतपूर्णी में ही दुकान करता था और अपने परिवार के साथ यहीं रहता था। परिजनों के अनुसार सौरभ किसी शादी समारोह में गया था। घर न पहुंचने पर उन्होंने सौरभ के दोस्तों को भी फोन किए। मगर उसका कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद इस बाबत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान भरवाईं-मुबारिकपुर मार्ग पर किन्नू क्षेत्र में हरियाणा नंबर की कार देर रात से ही सड़क किनारे खड़ी थी। अगली सुबह जब वहां से गुजर रहे लोगों ने कार की चालक सीट के साथ वाली सीट पर युवक को लेटे हुए देखा। लेकिन शाम होने तक जब युवक कार से बाहर नहीं निकला तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर लॉक खोला और युवक को बाहर निकाला। लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को भी इसकी सूचना दी। डीएसपी अंब डॉ. वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।