Loading...

हिमाचल में मौसम का यू-टर्न, बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठंडऑरेंज अलर्ट जारी, सिरमौर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Shailesh Saini 20 Mar 2026 Edited 20 Mar 1 min read

हिमाचल नाऊ न्यूज़

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के चलते ठंड अचानक बढ़ गई है। तापमान में 3 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को फिर से सर्दी का एहसास होने लगा है।

मौसम विभाग ने 20 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश, बर्फबारी और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। सिरमौर, शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

सिरमौर जिले में भी मौसम का असर साफ देखने को मिला है। संगड़ाह में 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि राजगढ़ और पच्छाद में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई है। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान पांवटा साहिब में 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। हंसा में 25 सेंटीमीटर, गोंदला में 21 सेंटीमीटर, कल्पा में 17 सेंटीमीटर और केलांग में 15 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे शीत लहर तेज हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 मार्च को मौसम कुछ हद तक साफ रह सकता है, लेकिन 22 मार्च से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।

इसके प्रभाव से 23 मार्च को फिर से बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 26 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से महीने के अंत तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।

खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने, वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और बागवानों को ओलावृष्टि से बचाव के लिए एंटी हेल नेट का उपयोग करने को कहा गया है।

Related Topics: