हिमाचल में व्यक्ति ने निगला जहरीला पदार्थ, अस्पताल में भर्ती
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में भराड़ी थाना के तहत आने वाले बम्म में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल व्यक्ति का उपचार हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। व्यक्ति की पहचान राकेश कुमार निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार पिकअप गाड़ी चलाता है। वह बम्म में किराए के कमरे में रहता है। इस दौरान उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी ले जाया गया।
जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे राधा कृष्ण मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल राकेश कुमार हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।