हिमाचल में शातिरों ने व्यक्ति के खाते से उड़ाए 50 हजार रुपए
HNN/ ऊना
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस द्वारा लोगों को बार-बार साइबर ठगी को लेकर जागरूक किया जा रहा है, परंतु फिर भी लोग ठगी का शिकार होते ही जा रहे हैं।
मामला जिला ऊना में पुलिस थाना अंब का है, यहां शातिरों ने एक व्यक्ति के खाते से हजारों रुपए उड़ा लिए हैं। किन्नू निवासी पीड़िता महिला ने इस बाबत पुलिस थाना अंब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता महिला ने बताया कि उन्होंने मकान के निर्माण के लिए भरवाईं स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा से लोन लिया हुआ था। महिला ने बताया कि गत दिनों एक अंजान नंबर से उसे कॉल आई। जिसके बाद काॅल करने वाली महिला ने उसे कहा कि आपने बैंक से ऋण ले रखा है आप अपना खाता नंबर दें।
इसके बाद महिला ने बैंक से आई काॅल समझते हुए अपने पति का खाता नंबर दे दिया। उन्होंने 2 दिन बाद बैंक में जाकर जब खाता चैक किया तो खाते से 50 हजार रुपए निकले पाए गए। पीड़िता महिला का कहना है कि वह गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है और शातिरों ने उनसे 50 हजार रुपए ठग लिए हैं। एसएचओ अंब गौरव भारद्वाज ने मामले की पुष्टि की है।