हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत, अस्पतालों में आएंगी 5 अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीनें
गंभीर बीमारियों की जांच होगी आसान, पेट स्कैन और इको कार्डियोग्राफी मशीनों की भी होगी खरीद, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला
प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने को लेकर हिमाचल सरकार स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस करने जा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के अस्पतालों के लिए पांच अत्याधुनिक 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीनें खरीदी जाएंगी। इन मशीनों के स्थापित होने से गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने शनिवार को शिमला में विशेष उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में ट्रैक आधारित एकीकृत टोटल लैब ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। इसके लिए जल्द ही निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। इस व्यवस्था के लागू होने से चिकित्सा जांच प्रणाली और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी हो सकेगी।बैठक में बताया गया कि अत्याधुनिक इको कार्डियोग्राफी मशीनों, पेट स्कैन मशीन सहित खंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों के लिए विभिन्न चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया भी जारी है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि विशेष उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति के गठन से पहले प्रचलित जटिल और महंगी खरीद प्रक्रियाओं पर अंकुश लगा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपकरणों की खरीद में अनावश्यक विलंब न हो, ताकि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ जल्द से जल्द प्रदेश की जनता को मिल सके।
इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के निदेशक मंडल की नौवीं बैठक भी आयोजित की गई। इसमें निगम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कर्मचारियों की भर्ती एवं सेवाएं लेने को स्वीकृति प्रदान की गई।
इनमें फार्मासिस्ट, कनिष्ठ लेखाकार, मल्टी टास्क वर्कर और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) सहित विभिन्न पदों पर भर्ती तथा परामर्श सेवाएं लेने की मंजूरी शामिल है।प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में अत्याधुनिक जांच उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों की दूसरे राज्यों के बड़े चिकित्सा संस्थानों पर निर्भरता कम होने की भी उम्मीद है।