नफरत से नहीं, मोहब्बत और भाईचारे से मजबूत होता है देश : अजय सोलंकी
मिश्रवाला में आलमी इस्तेमा में पहुंचे नाहन के विधायक, बोले- हर धर्म का सम्मान और सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही सच्ची जनसेवा
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन
देश की असली ताकत उसकी विविधता, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता में निहित है। धर्म और मजहब इंसान को जोड़ने का माध्यम हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग को समान सम्मान और अधिकार मिले, यही लोकतंत्र की खूबसूरती और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी भी है।
यह बात नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने शनिवार को मिश्रवाला में आयोजित आलमी इस्तेमा धार्मिक सम्मेलन में शिरकत करते हुए कही।

शुक्रवार से शुरू हुए इस धार्मिक सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। विधायक अजय सोलंकी ने सम्मेलन में श्रद्धालुओं की उपस्थिति और आयोजन समिति द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की।
अजय सोलंकी ने कहा कि भारत की पहचान सदियों से गंगा-जमुनी तहजीब और अनेकता में एकता की रही है। सभी धर्म हमें प्रेम, शांति, इंसानियत और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को इंसानियत और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का काम भी करते हैं।
विधायक ने कहा कि राजनीति का मूल उद्देश्य समाज को जोड़ना और प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए काम करना होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के साथ उसके धर्म, जाति अथवा समुदाय के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी को साथ लेकर चलना और हर नागरिक के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करना ही लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है।
सोलंकी ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग का विश्वास और सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है। सामाजिक सौहार्द को कायम रखते हुए बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र का समग्र विकास करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने आलमी इस्तेमा के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, सेवादारों और श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाज में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।