Loading...

850 भारतीय लोकतंत्र की हत्या का नंबर, इसे याद रखना देश के युवाओं : राहुल गांधी

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

परिसीमन विधेयक पर मोदी सरकार को घेरा, महिला आरक्षण की आड़ में देश का चुनावी नक्शा बदलने का लगाया आरोप

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नई दिल्ली

850 महज एक संख्या नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की हत्या का नंबर है। देश के युवाओं को इस आंकड़े को याद रखना चाहिए। लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने के नाम पर देश की पूरी चुनावी व्यवस्था को बदलने की कोशिश की जा रही है।

यह बात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित विशेष पत्रकार वार्ता में कही। राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए।

राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जब लोकसभा में मौजूदा 543 सीटों पर महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है, तो आखिर सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में भाजपा अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप देश के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलना चाहती है।

राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना और उसके अधिकारों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आशंका जताई कि इस व्यवस्था के माध्यम से भाजपा का विरोध करने वाले समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कमजोर किया जा सकता है।

उन्होंने असम, जम्मू-कश्मीर और बिहार का उदाहरण देते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की वैधता पर भी प्रश्न खड़े करते हुए कथित वोट चोरी के अपने पुराने आरोपों को दोहराया।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उनके पास मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी है, जिसे आने वाले समय में सार्वजनिक किया जाएगा।वहीं, राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध मानते हैं, तो उन्हें स्वयं भी सांसद पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

उधर, 30 नवंबर को प्रस्तावित संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के विरोध में अन्य विपक्षी दलों को भी साथ लाने की बात कही है।