हिमाचल में 13 से 15 अगस्त तक लगातार बारिश ने ली 71 लोगों की जान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। भारी बारिश के चलते जगह-जगह भूस्ख़लन की घटनाएं सामने आ रही है। इसके साथ ही प्रदेश में सैंकड़ो मार्ग बंद है। मार्ग बंद होने के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें 13-15 अगस्त तक लगातार बारिश ने कुल 71 लोगों की जान ले ली है, जबकि इस मानसून में शुद्ध वित्तीय नुकसान लगभग 7,500 करोड़ रुपए होने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा जगह जगह भूस्ख़लन होने से मंडी, शिमला, कुल्लू, जिला सिरमौर और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में 1,220 सड़कें बंद हैं।
इससे बुधवार को भी दो हजार से ज्यादा रूट प्रभावित रहे। पेयजल स्रोतों में गाद आने से लोगों के घरों में पानी नहीं जा रहा है। मंडी की सबसे ज्यादा 541 समेत 1,235 पानी की स्कीमें ठप हैं। इसके अलावा कई जगह बिजली ट्रांसफार्मर बंद होने से कई क्षेत्र अँधेरे के आगोश में समाये हुए है।
