हिमाचल में 5 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में कोहरे का येलो अलर्ट
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। इस दौरान प्रदेश के लोगों को बर्फ के दीदार हो सकते है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में में 25 से 28 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
इसके अलावा मैदानी भागों में 27 तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। उधर, मैदानी जिलों मंडी, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा (नूरपुर), सिरमौर (पांवटा साहिब और धौलाकुआं) और सोलन (बद्दी) और नालागढ़) में अगले दो दिनों के दौरान सुबह के समय अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
बता दें प्रदेश के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। जिससे शीत लहर का प्रकोप काफी बढ़ गया है। राज्य के लोगों को कड़कड़ाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बढ़ते कोहरे से विजिबिलिटी भी काफी कम हो रही है जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है