हिमाचल में 6 महीने की जुड़वां बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत
HNN/मंडी
जिला मंडी में गोहर थाना क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कोटला-खनूला में एक दुखद घटना संज्ञान में आई है। जहां शिहल गांव में 6 महीने की दो बच्चियों की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, प्रवीण कुमार व पूजा कुमारी की 6 महीने की दो जुड़वां बच्चियां थी और एक 4 साल का बेटा भी है।
पूजा कुमारी दोनों बच्चियों को डॉक्टर के कहने पर बाजार का दूध पिला रही थी। रोजाना की तरह उसने आज सुबह भी दोनों बच्चियों को दूध पिलाया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद दोनों बच्चियों का शरीर ठंडा पड़ने लग गया। जिसके बाद उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी हेडक्वार्टर देवराज द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।