हिमाचल राज्य चयन आयोग करेगा पहली भर्ती, इस दिन होगी ओटीए की लिखित परीक्षा…
HNN/ हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर 30 मार्च को पहली परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। आयोग के प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र सांजटा ने बताया कि पेपर लीक मामले सामने आने पर कर्मचारी चयन आयोग के भंग होने के बाद 30 सितंबर 2023 को गठित हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के माध्यम से पहली भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उन्होंने बताया कि 30 मार्च को ऑप्रेशन थिएटर असिस्टेंट (ओटीए) पोस्ट कोड-1073 के पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि ये पद पूर्ववर्ती हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर द्वारा 24 सितम्बर, 2022 को जारी विज्ञापन संख्या 38-5/2022 के माध्यम से अन्य पोस्ट कोड के साथ विज्ञापित किए गए थे।
उन्होेंने बताया कि ओटीए के पदों के लिए प्राप्त आवेदनों में से अस्वीकृत हुए आवेदनों की सूची सभी कारणों सहित हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वैबसाइट (hprca.hp.gov.in) पर अपलोड कर दी गई है। उम्मीदवार विवरण के लिए इस वैबसाइट के डाऊनलोड अनुभाग पर जा सकते हैं।
जितेंद्र सांजटा ने बताया कि आवेदन की अस्वीकृति के विरुद्ध अगर कोई उम्मीदवार अपना पक्ष रखना चाहता है तो वह इसे विज्ञापन में अपेक्षित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 4 मार्च तक हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय के ईमेल पते (hp-rca@hp.gov.in) पर भेज सकते हैं।