Loading...

हिमाचल से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब बस स्टैंड या काउंटर पर ही उपलब्ध होगा टिकट

Ankita • 16 Jul 2023 • 1 Min Read

एचआरटीसी बसों की ऑनलाइन सीट बुकिंग बंद, यह है वजह….

HNN/ हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश से जो भी यात्री दिल्ली जाने की सोच रहे है या जाना चाहते है उनके लिए एक जरूरी खबर है। बता दें अब जो भी लोग हिमाचल से दिल्ली जा रहे हैं, उन्हें बस स्टैंड या काउंटर पर ही टिकट उपलब्ध करवाया जाएगा। इसकी खास वजह यह है कि जो बसें दिल्ली के लिए रवाना हो रही हैं, वह सिंघु बॉर्डर तक ही पहुंच पा रही हैं। दिल्ली में यमुना नदी का पानी बढ़ने और कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर जलभराव के कारण ऐसा हो रहा है।

जब तक हालात सामान्य नहीं होते हैं और बस अड्डा बसों के लिए नहीं खोला जाता, तब तक बसें सिंघु बॉर्डर तक ही जाएंगी। एचआरटीसी के यातायात प्रबंधक अखिल अग्निहोत्री ने बताया कि फिलहाल दिल्ली के लिए ऑनलाइन बस बुकिंग सेवा बंद है। बता दें हिमाचल प्रदेश से दिल्ली के लिए करीब 130 बसें जाती हैं। इसी तर्ज पर जिला हमीरपुर से कुल आठ बसें दिल्ली जाती हैं, जिनमें से वर्तमान में चार बसें ही जा रही हैं।