हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने देश भर में सबसे पहले रिजल्ट निकालने का नया फार्मूला किया तैयार
HNN/ धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रबंधन ने मार्च, 2024 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम को देश भर में सबसे पहले निकालने का फार्मूला बनाया है। इसके तहत प्रदेश भर के मूल्यांकन केंद्रों में ही मूल्यांकन के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के अंक उसी दिन कंप्यूटर पर दर्ज किए जाएंगे।
इसके लिए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएगा। ऐसा करने से हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड देश भर में जल्द रिजल्ट निकालने में कामयाब हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, अब हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं का परिणाम देश भर में सबसे पहले निकालेगा। बता दें हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड में इस समय 30 से 40 फीसदी कर्मचारियों की कमी है। परंतु अब नए फार्मूले के जरिये बोर्ड जल्दी रिजल्ट निकाल लेगा।