बद्दी में तीन दिवसीय ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ प्रशिक्षण संपन्न, शिक्षकों ने सीखे नेतृत्व और सेवा के कौशल
बद्दी के सेंट बीर इंटरनेशनल स्कूल में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। 15 से 17 अक्टूबर तक चले कार्यक्रम में शिक्षकों को स्काउटिंग की कार्यप्रणाली के साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और समाज सेवा से जुड़े जीवनोपयोगी कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, सहयोग तथा राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना रहा।
बद्दी
समापन कार्यक्रम में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन राजेश दलाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि सेंट बीर इंटरनेशनल स्कूल के फाउंडर चेयरमैन कुलबीर सिंह राणा ने अध्यक्षता की। स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर करणबीर राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रिंसिपल दिव्या राणा और वाइस प्रिंसिपल एवं स्टेट ज्वाइंट कमिश्नर गाइड्स नैन्सी हांडा ने अतिथियों तथा प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत किया।
अनुशासन और आत्मनिर्भरता पर जोर
राजेश दलाल ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और समाज सेवा की भावना विकसित होती है। उन्होंने बताया कि ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने, आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। कुलबीर सिंह राणा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों को संस्कारवान, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना भी है।
मैनेजिंग डायरेक्टर करणबीर राणा ने स्काउटिंग को व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। प्रिंसिपल दिव्या राणा ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है और शिक्षा के साथ उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन तथा सेवा भावना का विकास भी आवश्यक है। नैन्सी हांडा के अनुसार, ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को विद्यार्थियों का बेहतर मार्गदर्शन करने और उनमें टीम भावना, सहयोग, आत्मविश्वास तथा जिम्मेदारी से जुड़े कौशल विकसित करने में सहायता करते हैं।
प्रतिभागियों को प्रदान किए प्रमाणपत्र
मुख्य प्रशिक्षक मनोज गोस्वामी ने कहा कि स्काउटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा तथा राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जा सकती है। प्रशिक्षण में सुनीता बिष्ट, सपना ठाकुर, शैलजा जेठी, भारती वर्मा, रिया पसरीचा, सोनाली रॉयल, खुशी, रितिका राजपूत और अंजुम शाहीना सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के चेयरमैन राजेश दलाल और स्कूल समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।