Loading...

होली के दिन हिमाचल में हादसा: पंजाब के दो श्रद्धालुओं की मौत, 7 जख्मी

Ankita 25 Mar 2024 Edited 25 Mar 1 min read

HNN/ ऊना

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल अंब के मेडी में चल रहे होला मोहल्ला में आज होली पर्व के दिन दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां भूस्खलन की चपेट में आने से पंजाब के दो श्रद्धालुओं की जान चली गई है। इसके अलावा 7 श्रद्धालु जख्मी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।

मृतकों की पहचान बिला पुत्र केवल सिंह निवासी फरीदकोट पंजाब व बलवीर चंद पुत्र वतना राम निवासी फरीदपुर जिला जालंधर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में आगामी कार्यवाही शुरु कर दी है।

हादसे में घायल गोविंद (30) पुत्र देवराज निवासी बरणाला ,धर्मिन्दर सिंह (40) पुत्र जसपाल सिंह निवासी सोल ज़िला तरनतारण, हरपाल सिंह (45) पुत्र शेर सिंह निवासी अमृतसर,व बबलू (17) पुत्र लाली निवासी पिंड बराड़ अमृतसर का अम्ब अस्पताल में उपचार जारी है।

वहीं बलवीर सिंह (60) पुत्र वाले राम निवासी निदाना डाकघर खेड़ ज़िला ज़िन्द हरियाणा, अंग्रेज सिंह(60) पुत्र मंगल सिंह निवासी भराड़ तहसील अजनला ज़िला अमृतसर व रघुबीर सिंह (30) पुत्र बिल्लू सिंह निवासी रोड़ी कपुरा ज़िला फरीदकोट को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, आज होली के दिन सुबह करीब 5 बजे अंब के मेडी मेला सेक्टर नंबर 5 चरण गंगा में श्रद्धालु पवित्र झरने में नहा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ से अचानक पत्थर गिरने शुरू हो गए। हादसे में चरण गंगा में स्नान कर रहे 9 श्रद्धालु जख्मी हो गए।

घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया, जहां दो श्रद्धालुओं ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य 7 जख्मी श्रद्धालुओं का अस्पताल में उपचार जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि की है।

Related Topics: