100 मीटर दौड़ में अनुज, ऊंची और लंबी कूद में राहुल अव्वल
बड़ाबन में हुई ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता, नवयुवक मंडल बड़ाबन ने जीता वॉलीबाल का खिताब
HNN/नाहन
नेहरू युवा केंद्र नाहन, युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत की ओर से ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता बड़ाबन (कटासन) में हुई। इस मौके पर बड़ाबन वार्ड सदस्य नीना तोमर व विवेक चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर दौड़ में अनुज, मनजीत और धीरज, ऊंची कूद में राहुल शर्मा, हर्ष और राहुल तोमर ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में राहुल शर्मा, हर्ष और वैभव ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर बाजी मारी।
वॉलीबॉल में कुल 10 टीमों ने भाग लिया, जिसमें जय अंबे नवयुवक मंडल बड़ाबन (कटासन) की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि नीना तोमर ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान राष्ट्रीय युवा ब्लॉक कॉर्डिनेटर शीतल शर्मा खिलाड़ियों को जागरूक करते हुए कहा कि खेलों से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक क्षमता का विकास तो होता ही है, साथ ही खेलों में अपनेपन की भावना भी विकसित होती है।
खेल हमारे जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक है। खेलों में अनुशासन का पालन भी बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। जो सफलतापूर्वक सम्पन्न हुईं। इस मौके पर नीना तोमर , एनवाईके वॉलंटियर कृष्णा ठाकुर, जय अंबे नवयुवक मंडल बड़ाबन (कटासन) के प्रधान राहुल शर्मा भी मौजूद रहे।