14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा प्रतिबंधित दवाइयों सहित पकड़ा गया आरोपी
HNN/ चंबा
जिला चंबा में पर्यटन स्थल डलहौजी में प्रतिबंधित दवाइयों सहित पकड़े गए आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत मिली है। यह सज़ा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डलहौजी की अदालत ने सुनाई है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय राजिंदर कुमार पुत्र लाल चंद गांव गांधारी जिला रामबन जम्मू के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम 7 दिसंबर 2023 को गश्त पर तैनात थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों के आधार पर सुचना प्राप्त हुई कि राजिंदर अपने ग्राहकों को ड्रग्स और नशीले पदार्थ बेचता है। गुप्त सूचना मिलते ही टीम ने गांधी चौक स्थित एक क्वार्टर में दबिश दी।
इस दौरान वहां टीम ने उक्त व्यक्ति से प्रतिबंधित 833 टैबलेट और 1880 कैप्सूल बरामद किए थे। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड भी दिया गया। खबर की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने की है।