14 फरवरी से शुरू होगा सत्र, सीएम सुक्खू 17 को पेश करेंगे अपने कार्यकाल का दूसरा बजट
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 14 से 29 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। सत्र के दौरान 13 बैठकें होंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जिनके पास वित्त विभाग भी है, 17 फरवरी को बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2024-25 प्रस्तुत करेंगे। मुख्यमंत्री का यह लगातार दूसरा बजट होगा। लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले पेश किए जाने वाले इस बजट में मुख्यमंत्री बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं।
इसके अलावा ग्रीन एनर्जी एवं समाज के वंचित वर्ग के लिए मुख्यमंत्री की तरफ से बड़ी घोषणाएं किए जाने की उम्मीद है। इसमें प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाए जाने वाले पगों की झलक देखने को मिल सकती है। बजट सत्र की शुरूआत 14 फरवरी को अपराह्न 12.30 बजे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण से होगी, जिसके बाद शोकोद्गार के साथ-साथ शासकीय एवं विधायी कार्य होंगे।
सत्र के दौरान 22 और 28 को गैर सरकारी सदस्य दिवस रखे गए हैं। बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण के बाद पिछले सत्र के बाद दिवंगत हुए विधानसभा के पूर्व सदस्यों का शोकोद्गार होगा। 15 फरवरी को चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 का अनुपूरक बजट पेश होगा। इसे 16 फरवरी को पारित किया जाएगा। 17 फरवरी को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2024-25 को प्रस्तुत करेंगे। सत्र के अंतिम दिन 29 फरवरी को बजट पारित किया जाएगा।