16 वर्षीय किशोर ने उठाया खौफनाक कदम, फंदा लगाकर की आत्महत्या
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में उपमंडल रोहड़ू के चिड़गांव में एक 16 वर्षीय किशोर ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान साहिल (16) पुत्र जगदीश निवासी लारकोटी के रूप में हुई है। साहिल 11वीं का छात्र था और मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिल बीती 7 जनवरी को घर से रोहड़ू के गवास के लिए निकला था। इस दौरान वह गवास में रिश्तेदार के पास ठहरा था और अगले दिन रिश्तेदार के घर से निकल गया। लेकिन जब वह वापिस घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जिस दौरान साहिल का शव लंगोटी नाले के पास एक पेड़ से लटका मिला। जिसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि साहिल मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और इस वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया है। चिड़गांव के एसएचओ द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा कि मामले में सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।