18 वर्षीय युवती घर से लापता, 50 हजार रुपये ले गई साथ
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर में झंडूता पुलिस थाना क्षेत्र के तहत एक 18 वर्षीय युवती घर से 50 हजार रुपये लेकर लापता हो गई है। उसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत में युवती के पिता प्यार चंद ने बताया कि उसकी बेटी 18 जुलाई रात को घर से अचानक गायब हो गई। इसका पता 19 जुलाई की सुबह उस समय लगा, जब वह कमरे में नहीं मिली। घर में जब उसके कमरे की छानबीन की गई तो वह अपने साथ कपड़े और स्कूल के प्रमाणपत्र भी साथ ले गई है।
वह घर में मकान निर्माणकार्य के लिए रखे गए 50 हजार रुपये भी साथ ले गई है। डीएसपी जिला मुख्यालय एवं पुलिस प्रवक्ता मदन धीमान ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
