Loading...

19 वर्षीय भावन शर्मा ने गणतंत्र दिवस पर फहराया तिरंगा

Ankita • 27 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

नव-भारत युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भावन शर्मा ने 74 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज फहराया। बता दें कि भावन शर्मा ने महज़ 12 वर्ष की आयु में नाहन के हरिपुर मोहल्ला में बच्चों के संगठन की स्थापना की जिसे पहले स्तरोन्नत कर नाहन शहर के स्तर पर लाया गया जबकि आज भावन शर्मा द्वारा स्थापित यह संगठन नव-भारत युवा संघ के नाम से जाना जाता है और देश के 13 राज्यों में यह संगठन काम कर रहा है। नवभारत युवा संघ से लगभग 5000 बच्चे देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े हुए हैं।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर नाहन के पायल होटल में भावन शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर तिरंगा फहराया व बच्चों के मार्च पास्ट की सलामी ली। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से नाहन शहर के विभिन्न स्कूल सम्मिलित हुए इसमें पारंगत स्कूल, कार्मेल कान्वेंट, आस्था स्पेशल स्कूल, होली हार्ट ने भाग लिया।

भावन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें केवल अपने अधिकारों के बारे में ही नहीं बताता बल्कि हर नागरिक का क्या कर्तव्य है उसके बारे में भी हमें प्रेरित करता है कि हर नागरिक देश व समाज के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करें। भावन ने कहा कि हम एक ऐसी महान सभ्यता के वंशज है जिसमें हर जीव में शिव को देखा जाता है, हर कंकर में शंकर को देखा जाता है, हर नदी को मां कहा जाता है, हर नर में नारायण को देखा जाता है, हर नारी को नारायणी कहा जाता है, हर पौधे में परमात्मा देखा जाता है।

भावन ने कहा कि हमें इन्हीं महान आदर्शों से प्रेरणा लेकर, देश के सभी युवाओं को एकजुट होकर राष्ट्र प्रथम के मकसद से आगे आना होगा व भारत को पुनः महानतम बनाने का संकल्प लेना होगा। इस कार्यक्रम के सैकड़ों लोग गवाह बने।