19 वर्षीय युवती ने जीजा पर लगाया अश्लील हरकत करने का आरोप, मामला दर्ज
HNN/ऊना
जिला ऊना में महिला पुलिस थाना के तहत 19 वर्षीय युवती ने अपने जीजा पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2021 में एक सड़क हादसे में उसकी माता की मौत हो गई थी।
जिसके बाद उसकी चचेरी बहन और उसके पति ने इसकी माता की मौत के हादसे से जुड़े हुए मुआवजा दिलाने में उसकी मदद की। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने पहले तो मुआवजा राशि को हड़प लिया और इसका केस पंजाब में चल रहा है। युवती ने पुलिस को बताया कि बीते 16 अगस्त को आरोपी उसे यह बोलकर घर ले आया कि वह उसे मुआवजा राशि दिलाने के लिए लेकर जा रहा था।
लेकिन रास्ते में उसके जीजा ने गाड़ी में उसके साथ अश्लील हरकतें करना शुरु कर दिया। पीड़िता ने बताया कि इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव में चली गई। जिसके बाद करीब चार माह बाद उसने जीजा के खिलाफ शिकायत करने का फैसला लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।