Month: February 2025

  • सिरमौर प्रेस क्लब चुनाव पर बढ़ा विवाद, प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी

    सिरमौर प्रेस क्लब चुनाव पर बढ़ा विवाद, प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी

    फर्जी पत्रकारों की मौजूदगी पर उठे सवाल, निवर्तमान अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

    निर्देशों की अनदेखी कर हुआ चुनाव
    सिरमौर प्रेस क्लब के चुनाव को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। शनिवार को एसडीएम नाहन द्वारा जारी निर्देशों को दरकिनार करते हुए कुछ तथाकथित पत्रकारों के समूह ने अवैध रूप से चुनाव संपन्न करवा दिया। इस चुनाव में बाहरी पत्रकारों की संलिप्तता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे इसकी पारदर्शिता पर संदेह बढ़ गया है।

    सर्वसम्मति से चुनी कार्यकारिणी संदेह के घेरे में
    सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए राकेश नंदन और महासचिव पद के लिए प्रताप सिंह ने नामांकन दाखिल किया था। बावजूद इसके, सर्वसम्मति से कार्यकारिणी चुने जाने का दावा किया गया, जिससे चुनाव प्रक्रिया को लेकर असंतोष उत्पन्न हो गया है। खासतौर पर ऐसे समय में जब राज्य में फर्जी पत्रकारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, इस प्रकार की गतिविधियां प्रशासन के लिए भी चुनौती बनी हुई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या ठोस कार्रवाई की जाती है।

    फर्जी पत्रकारों की बढ़ती संख्या बनी समस्या
    सिरमौर में फर्जी पत्रकारों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ लोगों ने अपने निजी स्वार्थों को पूरा करने के लिए इस क्षेत्र का दुरुपयोग किया है, जिससे वास्तविक पत्रकारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

    निवर्तमान अध्यक्ष ने जताई कड़ी आपत्ति
    निवर्तमान अध्यक्ष शैलेंद्र कालरा ने इस घटनाक्रम पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया पेज बनाकर कोई भी खुद को पत्रकार घोषित कर रहा है। एसडीएम के निर्देशों की अवहेलना से स्पष्ट होता है कि निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए नियमों को ताक पर रख दिया गया है।

    योग्यता के बिना पत्रकार बनने वालों की बढ़ती संख्या
    शैलेंद्र कालरा ने आगे कहा कि फर्जी पत्रकारों के इस समूह में 80 प्रतिशत ऐसे लोग शामिल हैं, जिनके पास न कोई डिग्री है, न कोई पत्रकारिता का डिप्लोमा। कुछ ऐसे भी हैं जो वर्षों पहले मीडिया संस्थानों से अलग हो चुके हैं, लेकिन अब भी पत्रकार का टैग लगाकर अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं।

    प्रशासनिक आदेशों की खुली अवहेलना
    शनिवार को प्रशासन द्वारा दिए गए आदेशों की पूरी तरह अनदेखी की गई। प्रशासन ने जांच के लिए एक माह का समय दिया था, लेकिन इस तथाकथित फर्जी समूह ने जल्दबाजी में अपनी कार्यकारिणी घोषित कर प्रशासन की प्रतिष्ठा पर सवाल खड़ा कर दिया।

  • नाहन पुलिस को बड़ी सफलता , 281.920 ग्राम भुक्की के साथ आरोपी गिरफ्तार

    नाहन पुलिस को बड़ी सफलता , 281.920 ग्राम भुक्की के साथ आरोपी गिरफ्तार

    कांशीवाला में पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

    गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
    पुलिस चौकी कच्चा टैंक नाहन की टीम कांशीवाला क्षेत्र में गश्त पर थी, जब उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध की तलाशी ली।

    आरोपी के पास से 281.920 ग्राम भुक्की बरामद
    पुलिस ने तलाशी के दौरान सुनील कुमार, निवासी जमटा, तहसील नाहन के पास से 281.920 ग्राम भुक्की (चूरा पोस्त) बरामद की। आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
    आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया और किसे बेचने की योजना बना रहा था।

    जिला सिरमौर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
    पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ऐसे मामलों में पूरी सतर्कता बरत रही है और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • दिल्ली: गैंगस्टर हाशिम बाबा की बेगम और लेडी डॉन जोया खान गिरफ्तार, मां-पिता का भी है अपराध की दुनिया से वास्ता

    दिल्ली: गैंगस्टर हाशिम बाबा की बेगम और लेडी डॉन जोया खान गिरफ्तार, मां-पिता का भी है अपराध की दुनिया से वास्ता

    हाशिम बाबा दिल्ली का एक कुख्यात गैंगस्टर है और जोया खान उसकी पत्नी है, जो हाशिम बाबा गैंग की कमान खुद संभाल रही थी। उसे एक करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है।

    नई दिल्ली: दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा की बेगम और लेडी डॉन जोया खान को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। जोया खान कई सालों से हाशिम बाबा गैंग की कमान संभाल रही थी। जोया इतनी शातिर थी कि अपराध करने के बाद सबूत नहीं छोड़ती थी। यही वजह है कि दिल्ली पुलिस, जोया के अपराधों की कुंडली के बारे में जानती तो थी लेकिन सबूत नहीं होने के कारण जोया को पकड़ नहीं पा रही थी।

    हालांकि इस बार लेडी डॉन से चूक हो गई और वह हेरोइन की सप्लाई करने खुद ही निकल पड़ी और इस बात की भनक दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को लग गई। पुलिस ने जोया खान को वेलकम इलाके से एक करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया। लेडी डॉन, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की चार दिन की डिमांड पर है।

    कौन है हाशिम बाबा और जोया खान?

    हाशिम बाबा दिल्ली का एक कुख्यात गैंगस्टर है और फिल्मी पाताललोक यानी जमुना पार का नामचीन बदमाश है। हाशिम बाबा पर हत्या, लूट, जबरन वसूली, आर्म्स एक्ट, मकोका जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। लेडी डॉन जोया, हाशिम बाबा की तीसरी पत्नी है। वहीं जोया की हाशिम बाबा से दूसरी शादी है। इससे पहले जोया की शादी हो चुकी थी लेकिन जोया ने साल 2014 में तलाक लेकर साल 2017 में हाशिम बाबा से शादी कर ली थी। 

    दरअसल हाशिम बाबा और जोया दोनों ही जमुना पार यानी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रहने वाले हैं और दोनों पड़ोसी हैं, इसलिए दोनों में इश्क हुआ और इश्क के बाद दोनों का निकाह हो गया। जोया यह जानती थी कि हाशिम बाबा दिल्ली का जाना माना गैंगस्टर है। लेकिन जोया ने फिर भी अपना दिल हाशिम बाबा को दे दिया।  

    हाशिम बाबा के साथ निकाह होने के बाद 33 साल की जोया ने जल्द ही हाशिम बाबा गैंग की कमान अपने हाथों में ले ली। जोया जेल के बाहर से हाशिम बाबा गैंग को संभाल रही थी। ये बिल्कुल उसी तरह था, जैसे 80 के दशक में दाउद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर, दाउद इब्राहिम के नाम और उसकी दहशत का फायदा उठाकर इलाके में न केवल मसीहा थी, बल्कि पुलिस की नजरों से बचकर D कंपनी के सारे गैर कानूनी धंधों को भी संभालती थी।

    जोया को हैं ये शौक

    स्पेशल सेल के सूत्रों के मुताबिक, जोया पेज थ्री पार्टी में जाने की शौकीन है। उसे महंगे कपड़े और ब्रांडेड जूते पहनना पसंद है। अगर आप जोया के इंस्टाग्राम पेज पर नजर डालेंगे तो आपको अंदाजा हो जाएगा की जोया को रील बनाने का भी शौक है। जोया ही जेल में हाशिम बाबा से लगातार मुलाकाती के तौर पर मिलने जाती थी।

    सूत्रों के मुताबिक, ये मुलाकात एक प्रेमी-प्रेमिका के तौर पर कम और गैंग के ऑपरेशन और टारगेट अवैध वसूली के धंधों से जुड़ी ज्यादा होती थी। बाबा इशारों-इशारों में जोया को काफी ट्रेनिंग दे रहा था और जोया, बाबा के जेल के बाहर मौजूद मददगारों और फरार बदमाशों के साथ लगातार संपर्क में थी।

    सूत्रों की मानें, तो कई साल से स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच जोया को गिरफ्तार करने की कोशिश में लगे हुए थे लेकिन जोया भी किसी पेशेवर अपराधी से कम चालाक नहीं थी। वह हाशिम बाबा के साथ रहते हुए जुर्म की दुनिया के हथकंडे और पुलिस से आंख मिचौली भी करना सीख चुकी थी। इसीलिए पुलिस भी आज तक लेडी डॉन को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। 

    पुलिस ने जोया को कैसे पकड़ा?

    स्पेशल सेल को हाशिम बाबा की पत्नी के ड्रग्स सिंडिकेट में शामिल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उसे नॉर्थ ईस्ट के वेलकम इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 270 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी इंटरनेशनल मार्केट में तकरीबन एक करोड़ के आसपास कीमत आंकी गई है।

    बुधवार को स्पेशल सेल को एक इनपुट मिला था कि हाशिम बाबा की पत्नी अपनी कार में ड्रग्स की सप्लाई करने जा रही है, जिसके बाद स्पेशल सेल ने ट्रैप लगाया और मौके से उसे ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया। स्पेशल सेल के मुताबिक, जोया ने ये ड्रग्स मुजफ्फरनगर से मंगवाई थी, जिसे आगे सप्लाई करना था।

    स्पेशल सेल को भनक है कि नादिर शाह हत्याकांड में भी जोया ने शूटर्स को शेल्टर देने में मदद की है। वही सबूत सेल जुटाने में लगी है। इसलिए सेल ने लोधी कॉलोनी स्थित दफ्तर में बीते महीने में लंबी पूछताछ भी की थी। 

    जोया के मां और पिता भी अपराध की दुनिया से रखते हैं ताल्लुक

    सूत्रों के मुताबिक, जोया की मां साल 2024 में  सेक्स रैकेट से जुड़े एक मामले में जेल गई थी, फिलहाल वो जमानत पर है। जोया के पिता ड्रग्स सप्लाई से जुड़े हैं। वहीं जोया के पति हाशिम बाबा खुद गैंगस्टर है। इतना ही नहीं, जोया का अपने इलाके में ये रुतबा था कि उसके आसपास 4 से 5 गुर्गे हर वक्त मौजूद रहते थे। ये गुर्गे हाशिम बाबा के शागिर्द होते थे। 

    जोया एक लेडी डॉन की तरह जमुना पार में रहकर गैंग को चला रही थी। जोया उस्मानपुर की रहने वाली है, जो नार्थ ईस्ट में और भी अलग-अलग जगहों पर रह रही थी। जमुना पार में छेनू गैंग, हाशिम बाबा गैंग, नासिर पहलवान गैंग की शुरुआत ड्रग्स सप्लाई के धंधे से हुई थी। 2007 से गैंगों के बीच लगातार हत्याकांड होते आ रहे हैं। अवैध वसूली का मोटा पैसा, हाशिम बाबा गैंग तक पहुंचता है, जो जोया तक जाता है। 

  • हिमाचल प्रदेश / कम विद्यार्थियों वाले 78 स्कूल और 16 कॉलेज होंगे मर्ज, कैबिनेट में जाएगा प्रस्ताव

    हिमाचल प्रदेश / कम विद्यार्थियों वाले 78 स्कूल और 16 कॉलेज होंगे मर्ज, कैबिनेट में जाएगा प्रस्ताव

    शिमला। हिमाचल प्रदेश में विद्यार्थियों की कम संख्या वाले 78 स्कूल और 16 कॉलेज मर्ज किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई विभागीय बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए कैबिनेट बैठक में भेजा जाएगा।

    🏫 कौन-कौन से स्कूल और कॉलेज होंगे मर्ज?

    • 49 हाई स्कूल (जहां विद्यार्थियों की संख्या 20 से कम है)
    • 29 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल (जहां विद्यार्थियों की संख्या 25 से कम है)
    • 16 डिग्री कॉलेज (जहां विद्यार्थियों की संख्या 100 से कम है)

    यह सभी संस्थान नए शैक्षणिक सत्र से पहले मर्ज कर दिए जाएंगे।

    🎓 छात्रों और स्टाफ का क्या होगा?

    • बंद हो रहे कॉलेजों के विद्यार्थियों को नजदीकी कॉलेजों में स्थानांतरित किया जाएगा।
    • सरप्लस शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को जरूरत वाले संस्थानों में भेजा जाएगा।
    • दूरदराज के कॉलेजों के मुकाबले मुख्यालयों और शहरों के कॉलेजों में छात्र संख्या बेहतर है, इसलिए कम छात्रों वाले कॉलेज बंद होंगे।

    📉 कम छात्रों वाले कॉलेजों की सूची:

    • भलेई – 49 विद्यार्थी
    • कुपवी – 43 विद्यार्थी
    • कुकुमसेरी – 38 विद्यार्थी
    • टिक्कर – 15 विद्यार्थी
    • शिवनगर – 97 विद्यार्थी
    • चिंतपूर्णी – 96 विद्यार्थी
    • रोनहाट – 95 विद्यार्थी
    • हरिपुर गुलेर – 90 विद्यार्थी
    • रामशहर – 88 विद्यार्थी
    • कोटली – 85 विद्यार्थी
    • पझोता – 82 विद्यार्थी
    • ननखाड़ी – 81 विद्यार्थी
    • सुग भटोली – 79 विद्यार्थी
    • थाची – 74 विद्यार्थी
    • संधोल – 67 विद्यार्थी
    • जयनगर – 67 विद्यार्थी
    • टौणी देवी और गलोड़ – 0 विद्यार्थी (पहले ही बंद कर दिए गए हैं)

    📋 भर्ती प्रक्रिया में तेजी:

    • प्रदेश में जेबीटी, टीजीटी और सीएंडवी के 2800 पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
    • शिक्षा मंत्री ने राज्य चयन आयोग को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए निर्देश दिए हैं।

    🏛️ पिछले फैसले:

    मार्च 2023 में सरकार ने भाजपा कार्यकाल में 1 अप्रैल 2022 के बाद खुले 17 डिग्री कॉलेज और 2 संस्कृत कॉलेज को भी बंद कर दिया था। कुल 24 में से 19 कॉलेज डिनोटिफाई किए गए थे।

    शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अधिकारियों को स्कूल और कॉलेजों के पुनर्गठन पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

  • Bhunda Mahayagya: भूंडा महायज्ञ में पशु बलि पर सुप्रीम कोर्ट का हिमाचल सरकार को नोटिस, चार हफ्तों में मांगा जवाब

    Bhunda Mahayagya: भूंडा महायज्ञ में पशु बलि पर सुप्रीम कोर्ट का हिमाचल सरकार को नोटिस, चार हफ्तों में मांगा जवाब

    शिमला। जिला शिमला के रोहड़ू में आयोजित भूंडा महायज्ञ के दौरान पशु बलि दिए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल सरकार को नोटिस जारी किया है। अदालत ने सरकार और हिमाचल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति जेके महेश्वरी और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की खंडपीठ में हुई।

    ⚖️ क्या है मामला?

    रोहड़ू में 2 से 5 फरवरी 2024 तक आयोजित भूंडा महायज्ञ के दौरान पशु बलि दी गई, जिसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि महायज्ञ से एक सप्ताह पहले ही उपायुक्त शिमला, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम रोहड़ू को पशु बलि रोकने के लिए कानूनी नोटिस भेजा गया था, इसके बावजूद पशु बलि की गई।

    📹 सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

    याचिकाकर्ता ने महायज्ञ के दौरान खुलेआम की गई पशु बलि के कई वीडियो अदालत को सौंपे हैं। उनका दावा है कि यह सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2017 के आदेशों का उल्लंघन है, जिसमें कुल्लू दशहरा में पशु बलि को कुछ शर्तों के साथ ही अनुमति दी गई थी।

    🏛️ हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के पुराने आदेश

    • 2014 में हिमाचल हाईकोर्ट ने मंदिरों में पशु बलि पर रोक लगा दी थी।
    • इसके खिलाफ कुल्लू दशहरे में पशु बलि की अनुमति के लिए महेश्वर सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।
    • 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने कुल्लू दशहरा में बलि देने के लिए विशेष व्यवस्था करने की अनुमति दी थी।

    🐄 समाज में बदलाव की अपील

    याचिकाकर्ता का कहना है कि आधुनिक समाज में इस तरह की परंपराओं का पालन उचित नहीं है और समाज को अपने रीति-रिवाजों में बदलाव लाने की जरूरत है।

    अब सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी। हिमाचल सरकार को तब तक हलफनामा दाखिल कर याचिका में लगाए गए आरोपों का जवाब देना होगा।

  • HPU Admission 2024: एचपीयू में बीएड, यूजी, पीजी और डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब इस दिन तक कर सकते हैं आवेदन

    HPU Admission 2024: एचपीयू में बीएड, यूजी, पीजी और डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब इस दिन तक कर सकते हैं आवेदन

    शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के दूरवर्ती शिक्षण संस्थान (CDOE) इक्डोल ने जनवरी सत्र में बीएड, यूजी, पीजी और डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। निदेशक प्रो. संजू करोल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अब छात्र नई डेडलाइन तक आवेदन कर सकते हैं। यह फैसला यूजीसी डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो की गाइडलाइंस के तहत लिया गया है।

    📅 बीएड कोर्स के लिए बढ़ी तिथि

    बीएड कोर्स में दाखिला लेने के इच्छुक छात्र अब 13 मार्च 2024 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस कोर्स के लिए काउंसलिंग का आयोजन 17 से 25 मार्च 2024 तक किया जाएगा।

    📚 एमए एजुकेशन में प्रवेश का मौका

    एमए एजुकेशन कोर्स में आवेदन करने वाले छात्र 12 मार्च 2024 तक अप्लाई कर सकते हैं। काउंसलिंग की प्रक्रिया 16 और 27 मार्च 2024 को होगी।

    💼 एमबीए प्रोफेशनल के लिए भी बढ़ी डेट

    एमबीए प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन के इच्छुक छात्र 20 मार्च 2024 तक आवेदन कर सकते हैं। काउंसलिंग दो चरणों में आयोजित होगी:

    • पहला चरण: 25 मार्च 2024
    • दूसरा चरण: 27 मार्च 2024

    🎓 स्नातक व परास्नातक डिग्री कोर्स में भी मौका

    बीए, बीकॉम, एमए (इतिहास, हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, म्यूजिक, संस्कृत, लोक प्रशासन, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान), एमकॉम और जेएमसी में प्रवेश के लिए छात्र 20 मार्च 2024 तक आवेदन कर सकते हैं।

    🏅 डिप्लोमा कोर्स में एडमिशन की डेडलाइन बढ़ी

    डिप्लोमा इन टूरिस्ट गाइड, योग स्टडीज, कंप्यूटर और डाइस साइंस में दाखिला लेने के इच्छुक छात्र भी 20 मार्च 2024 तक आवेदन कर सकते हैं।

    नोट: सभी इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

  • हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला / नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी का राज्य कैडर घोषित, अधिसूचना जारी

    हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला / नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी का राज्य कैडर घोषित, अधिसूचना जारी

    शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग से जुड़े नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब इन सभी पदों को मंडलीय, जिला और बंदोबस्त कैडर से हटाकर राज्य कैडर घोषित कर दिया गया है। शनिवार को इस संबंध में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

    इस फैसले के बाद अब प्रदेश के किसी भी हिस्से में नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारियों का तबादला किया जा सकेगा। इसके साथ ही सरकार ने इन कर्मचारियों की जिला कैडर बहाल रखने की मांग को भी खारिज कर दिया है।

    अधिसूचना के अनुसार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व), प्रधान सचिव या सचिव-सह-वित्त आयुक्त (राजस्व) नायब तहसीलदारों के नियुक्ति एवं अनुशासनात्मक प्राधिकारी होंगे। वहीं, भू-अभिलेख निदेशक पटवारियों और कानूनगो की नियुक्ति और अनुशासन से जुड़े मामलों को संभालेंगे।

    इसके अलावा, नायब तहसीलदारों, कानूनगो और पटवारियों की वरिष्ठता और अन्य प्रशासनिक मामलों को भी भू-अभिलेख निदेशक के स्तर पर निपटाया जाएगा।

    सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित भर्ती नियमों में संशोधन नहीं किया जाता, तब तक इन पदों पर सीधी भर्ती और पदोन्नति मौजूदा नियमों के तहत ही की जाएगी।

    राजस्व कर्मियों का विरोध:
    सरकार के इस फैसले का राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने विरोध जताया है। उनका कहना है कि जिला कैडर को बहाल रखा जाना चाहिए था। इससे पहले भी कर्मचारी कई बार सरकार को मांग पत्र सौंप चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

    अधिसूचना अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) ओंकार चंद शर्मा द्वारा जारी की गई है।

  • Himachal Weather Update / हिमाचल में तीन दिन भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, लाहौल में बनी रहीं दुश्वारियां

    Himachal Weather Update / हिमाचल में तीन दिन भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, लाहौल में बनी रहीं दुश्वारियां

    शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी तीन दिनों के लिए राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। खासकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।

    लाहौल में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

    जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण अभी भी जनजीवन अस्त-व्यस्त है। रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर शनिवार सुबह भी बर्फ के फाहे गिरे। इलाके में 2 से 3 फीट बर्फ जमी हुई है, जिससे हिमस्खलन (Avalanche) का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बर्फबारी प्रभावित इलाकों में जाने से मना किया है। लाहौल और कुल्लू में करीब 180 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं।

    पश्चिमी विक्षोभ का असर, इन तारीखों पर रहें सतर्क

    मौसम विभाग के अनुसार, 24 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश को प्रभावित करेगा। इसके चलते राज्य में 25 से 28 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

    • 22 फरवरी: लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी।
    • 23 और 24 फरवरी: राज्य में शुष्क मौसम रहने की संभावना।
    • 25 फरवरी: कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी।
    • 26 से 28 फरवरी: अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी, साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट

    तापमान में बदलाव की संभावना

    • 24 फरवरी तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
    • 26 फरवरी तक न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
    • अधिकतम तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
    • 26 फरवरी को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडा दिन रहने के आसार हैं।

    कहां कितना न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ:

    • शिमला: 6.0°C
    • लाहौल-स्पीति (केलांग): -8.5°C
    • किन्नौर (कल्पा): -1.6°C
    • कुकुमसेरी: -8.2°C
    • ताबो: -9.6°C
    • मनाली: 1.6°C
    • धर्मशाला: 4.5°C
    • सोलन: 4.6°C
    • कांगड़ा: 8.2°C
    • चंबा: 8.0°C

    पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सलाह:

    • बर्फबारी संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।
    • प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।
    • हिमस्खलन प्रभावित इलाकों से दूर रहें।

    मौसम की ताजा जानकारी के लिए जुड़े रहें।

  • एचआरटीसी बेड़े में शामिल होंगी 700 नई बसें, डीजल और इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मंजूरी

    एचआरटीसी बेड़े में शामिल होंगी 700 नई बसें, डीजल और इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मंजूरी

    शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में जल्द ही 700 नई बसें शामिल होंगी। शनिवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में होटल हॉलीडे होम, शिमला में आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसमें डीजल, वोल्वो और इलेक्ट्रिक बसों के साथ-साथ अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वाहनों की खरीद का फैसला लिया गया है।

    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि नई बसों की खरीद पर लगभग 600 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इस योजना के तहत निम्नलिखित वाहन खरीदे जाएंगे:

    • 297 इलेक्ट्रिक बसें (टाइप-1)
    • 250 डीजल बसें (37 सीटर)
    • 24 सुपर लग्जरी बसें
    • 100 नई मिनी बसें (टैम्पो ट्रैवलर) – दोबारा टेंडर किए जाएंगे
    • 23 अतिरिक्त टाइप वन ई-बसें
    • 4 क्रेन और 2 क्विक रिस्पांस व्हीकल

    उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसें आगामी चार महीनों के भीतर सड़कों पर दौड़ना शुरू कर देंगी। वहीं, केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत एचआरटीसी अपनी 15 साल पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से हटा रही है

    बद्दी और बिलासपुर बस अड्डों का होगा निर्माण

    बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बद्दी और बिलासपुर में नए बस अड्डों का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

    वित्तीय स्थिति पर टिप्पणी

    उपमुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति पूर्ववर्ती जयराम सरकार की नीतियों के कारण कमजोर हुई है। इसके अलावा जीएसटी मुआवजा बंद होने से भी प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

    इस महत्वपूर्ण बैठक में परिवहन निगम के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अजय वर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम भी मौजूद रहे।

    एचआरटीसी के बेड़े में नई बसों के शामिल होने से यात्री सुविधाओं में सुधार होगा और परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

  • सोलन में मोटरसाइकिल चोरी का मामला सुलझा, शिलाई का युवक गिरफ्तार

    सोलन में मोटरसाइकिल चोरी का मामला सुलझा, शिलाई का युवक गिरफ्तार

    सोलन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने जिला सिरमौर के शिलाई इलाके के 21 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है.

    जानकारी के अनुसार बीती 5 जनवरी को जिला सोलन के शामती निवासी जतिन कुमार ने सदर पुलिस थाना सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 2 जनवरी की रात मोटरसाइकिल नंबर एचपी 16एए-0802 को सैंटा रोजा होटल के पास अपने किराये के कमरे के समीप सड़क किनारे पार्क किया था. ये मोटरसाइकिल उसके दोस्त के नाम है.

    अगले दिन यानी 3 जनवरी को जब वह सड़क पर आया तो वहां पर मोटर साइकिल नहीं था. अपने स्तर पर इसकी हर जगह तलाश की गई, लेकिन कहीं नहीं मिला. मोटरसाइकिल की चोरी की आशंका होने पर इसकी शिकायत सदर पुलिस थाना को दी गई.

    मामला दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने चोरी मोटरसाइकिल और आरोपियों की तलाश लगातार जारी रखी. मामले की छानबीन के दौरान पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने 21 फरवरी को आरोपी सूरज (21) निवासी गांव जारवा जनेली, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर को इस मामले में गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार इस आरोपी को सिरमौर पुलिस ने भी चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था.

    मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है. आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है. मामले में जांच जारी है.