26 जनवरी से शुरू होगा कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
HNN/ शिमला
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य पूर्व सांसद प्रदेश में कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के केंद्रीय पर्यवेक्षक रघुवीर सिंह मीणा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों का आह्वान किया है कि वह 26 जनवरी से शुरू हो रहें कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि आज देश में जिस प्रकार लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है, उसके लिये लोगों को जागरूक करने की बहुत ही आवश्कता हैं।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला, ब्लॉक व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों की एक बैठक को संबोधित करते हुए मीणा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में जिस प्रकार लोगों का समर्थन मिल रहा है उससे साफ है कि देश भाजपा सरकार की नीतियों व निर्णयों से दुखी व हताश हैं। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो अभियान का ही एक हिस्सा है जो 26 जनवरी से शुरू होगा और आगामी दो माह तक हर जिला, ब्लॉक व गांव-गांव से होते हुए हर घर-घर तक जाएगा।
इस दौरान नुक्कड़ सभाओं में भाजपा की तानाशाही नीतियों से अवगत करवाना मुख्य लक्ष्य हैं। इसी के साथ देश मे आपसी भाईचारे को मजबूत करना व लोगों की समस्याओं को जानने का भी प्रयास किया जाएगा। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज जिस प्रकार से सत्ता में बैठी भाजपा द्वारा लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, वह बहुत ही चिंता की बात हैं। संसद में सांसदों को देश की समस्याओं पर बोलने नही दिया जाता।
प्रधानमंत्री अपने मन की बात तो करते है पर देश के लोगों की बात नही सुनना चाहते। प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से एक ओर जहां पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है, वही भारी संख्या में देश के लोग कांग्रेस से जुड़ रहें हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस पद यात्रा में शामिल हो चुकी हैं, इस यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं में नए रक्त का संचार हुआ हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान पूरी तरह सफल होगा।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के आग्रह पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को कांगड़ा जिला के इंदौरा में आएगी। इस यात्रा में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों को इस यात्रा में शामिल होने को कहा।