गुरु नानक देव की शिक्षाएं मानव सेवा और एकता की प्रेरणा देती हैं: मुकेश अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना स्थित किला बाबा साहिब सिंह बेदी में माथा टेकने के बाद कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे, समानता और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी एकता मजबूत करने का आह्वान किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
मुकेश अग्निहोत्री ने किला बाबा साहिब सिंह बेदी में शीश नवाया और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, खुशहाली एवं समृद्धि के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का मानवता, सद्भावना और आपसी एकता का संदेश समाज को सही दिशा देने के साथ लोगों को मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाएं किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और उनके उपदेश जाति, धर्म तथा भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा को सर्वोपरि रखने का संदेश देते हैं। इस अवसर पर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

