3 झुग्गियों में हुआ भीषण अग्निकांड, जिंदा जलने से महिला और दो बच्चे की मौत

FIRE-5.jpg

HNN/ ऊना

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में झुग्गियों में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस अग्निकांड में महिला और उसके दो बच्चे जिंदा जल गए। इसके अलावा महिला का पति आग में बुरी तरह झुलस गया है। गंभीर अवस्था में व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

हादसे में सुमित देवी (25) पत्नी विजय शंकर निवासी उत्तर प्रदेश हाल निवासी बाथु, उसका बेटा अंकित (9 माह) और बेटी नैना (5) जिंदा जल गए। मृतक महिला का पति विजय शंकर (30) गंभीर रुप से झुलस गया। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

जानकारी के मुताबिक, हरोली इलाके के गांव बाथु में प्रवासियों की तीन झुग्गियों में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सारी झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग में महिला और उसके दो बच्चे जिंदा जल गए। जबकि महिला का पति गंभीर रुप से झुलस गया है। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम भी मामले की जाँच कर रही है।