Loading...

3 दिन मकानों की छतों पर न चढ़ें, रिश्तेदारों के घर चले जाएं, जानिए वजह…..

Ankita • 7 Sep 2023 • 1 Min Read

हिंडन एयरपोर्ट के 200 मीटर के दायरे में तीसरी मंजिल पर रुकवाया निर्माण कार्य, खिड़की और रोशनदान करवाए बंद

जी20 समिट में शामिल होने आ रहे विदेशी मेहमानों की वजह से हिंडन एयरपोर्ट के पास बने बहुमंजिला मकानों में रह रहे लोग परेशान हैं। टाइट सिक्योरिटी की वजह से पहले इन लोगों को घरों की खिड़कियां स्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया गया था, अब छतों पर बने टॉइलट भी यूज नहीं कर सकेंगे।

लोगों से कहा गया है कि वे समय रहते अपना इंतजाम दूसरी जगह कर लें। हो सके तो पड़ोसी के यहां जाएं, क्योंकि पुलिस इन छतों और मकानों के अंदर अपनी पोजीशन ले लेगी। जी-20 सम्मेलन के दौरान जब विदेश से लोग आने शुरू हो जाएंगे तो सुरक्षाकर्मियों की इन मकानों पर पैनी नजर रहेगी।

लोगों से कहा गया है कि 10 सितंबर तक अपने मकानों की छतों पर न चढ़ें। हिंडन एयरपोर्ट पर उतरने वाले विदेशी मेहमानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। एयरपोर्ट के अंदर सुरक्षा में तैनात जवानों की संख्या में इजाफा किया गया है। उनकी जहां-जहां तैनाती होगी, वो जगहें फाइनल कर दी गई हैं।

जिस रूट से विदेशी मेहमान गुजरेंगे उस रास्ते पर भी सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा। इसी कड़ी में बुधवार को सारी स्थितियों का उच्च अधिकारियों ने जायजा लिया है। एयरपोर्ट के पास बहुमंजिला मकानों की खिड़कियां बंद रखने के पहले से ही आदेश दिए जा चुके हैं। जीडीए की तरफ से कुछ दिनों पहले नोटिस जारी हो चुके थे।

अब एयरपोर्ट के पास कुछ मकानों की छतों पर बने टॉइलट को बंद रखने का आदेश गुरुवार को मकान मालिकों को दे दिया गया। एयरफोर्स और एयरपोर्ट के 200 मीटर के दायरे में हो रहे निर्माण कार्य को भी रुकवा दिया गया है। बताया जा रहा है कि तीसरी मंज़िल पर काम हो रहा था।

चार दिन पहले एयरफोर्स और पुलिस प्रशासन की टीम पहुंची थी, जिन्होंने लोगों को नए निर्माण से मना किया और जो तीसरी मंजिल पर बना रहे हैं, उसे तोड़ने के लिए कहा है। सिंकदरपुर गांव के लोगों ने बताया कि पुलिस ने कुछ घरों में लोगों से जानकारी जुटाई है। उनका काम और कब तक आते हैं यह सब पूछा गया है।