34 वर्षीय महिला ने ऐसे किया अपनी जिंदगी का खात्मा…..
HNN/ऊना
जिला ऊना में एक 34 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। मृतका की पहचान सुनीता देवी पत्नी संदीप कुमार वार्ड नंबर-11 बाथू के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी का पति संदीप कुमार विदेश (कतर) में नौकरी करता है और शादी के 7 वर्ष बीत जाने के बाद भी उनको औलाद का सुख प्राप्त नहीं हुआ। जिसके चलते सुनीता देवी मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी।
इसी दौरान सुनीता ने बीते शनिवार की रात को पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली और साथ में एक सुसाइड नोट भी छोड़ गई। सुसाइड नोट में मृतका ने अपने मौत की जिम्मेदारी खुद ली है। मृतका के भाई जगदीश राम निवासी निक्कू नंगल पंजाब अपनी बहन सुनीता को फोन कर रहे थे, लेकिन सुनीता ने उनका फोन नहीं उठाया।
जिससे कि वह परेशान हो गए और अपनी बहन के घर बाथू में पहुंचे। जब वह घर पहुंचे तो सुनीता ने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था। उनके द्वारा दरवाजा खटखटाने पर भी उसने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद वह दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो देखा कि सुनीता को फंदे से लटका पाया। जिसके बाद उन्होंने परिजनों को इस बाबत सूचित किया। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मौके पर बरामद हुई चीजों में एक पेन, डायरी, सुसाइड नोट और फंदा बनाई हुई चुनरी को कब्जे में लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भिजवाया। एसएचओ टाहलीवाल थाना अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।