Loading...

4 दिन से पीजीआई में लड़ रहा था जिंदगी और मौत के बीच जंग, अब दुनिया को कह गया अलविदा

PRIYANKA THAKUR • 23 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / ऊना

जिला ऊना के तहत आते गांव कोहाड़छन्न में ढांक से गिरकर घायल व्यक्ति की 4 दिन बाद पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति की पहचान 48 वर्षीय देशराज के रूप में हुई है। दरअसल, देशराज पेशे से मिस्त्री था। वह 19 नवंबर की शाम को काम से वापस अपने घर लौट रहा था।

घर से थोड़ा दूर पहले अचानक रास्ते में उसका पांव फिसला और वह सीधा खाई में जा गिरा। व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि व्यक्ति खाई में गिरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर व्यक्ति को खाई से बाहर निकाला और तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए।

यहां व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी जब व्यक्ति की हालत में कोई सुधार नहीं आया, तो उसे डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। यहां देर शाम व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

उधर, थाना प्रभारी अंब आशीष पठानिया ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके स्वजन के हवाले कर मामले की जांच शुरू कर दी है।