45 दिनों तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा पर्यटन स्थल सिस्सू, यह है वजह…..
HNN/ लाहौल-स्पीति
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में स्थित पर्यटन स्थल सिस्सू 15 जनवरी से 28 फरवरी तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। बता दें 45 दिनों सिस्सू में कोई भी पर्यटन गतिविधि नहीं होगी। इसके साथ ही सिस्सू में पर्यटकों के लिए होटल और होम स्टे भी बंद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, सिस्सू पंचायत के प्रधान राजीव ने कहा कि देव कारज के कारण क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि देव कारज और परंपरा का बिना किसी रुकावट व शोर-शराबे के निर्वहन के लिए पर्यटन गतिविधियां बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
बता दें, राजा घेपन कमेटी, देवी बोटी कमेटी और लवरंग गोंपा कमेटी ने सर्दियों में होने वाले देवी-देवताओं को समर्पित उत्सवों के शुरू होने से पहले और इनके समाप्त होने तक पर्यटन गतिविधियां नहीं करने का फैसला लिया है।