45 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
HNN/मंडी
जिला मंडी के नाचन क्षेत्र में 45 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतका की पहचान पलौहटा निवासी 45 वर्षीय देवकी देवी पत्नी दिला राम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, देवकी देवी ने उस समय यह खौफनाक कदम उठाया जब घर के सदस्य एक समारोह में गए हुए थे और केवल उसकी सास ही घर पर मौजूद थी। मृतका की सास ने जब उसे फंदे से लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। जिसके बाद उसने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और दरवाजा तोड़कर महिला को फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस को महिला के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, उसने यह कदम क्यों उठाया इसका कोई पता नहीं चला है। डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि की है।