5 वर्षीय बच्चे को कार ने मारी टक्कर, अस्पताल में भर्ती
HNN/ ऊना
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे पेश आ रहे है। मामला जिला ऊना में पुलिस थाना अंब के तहत कुठियाड़ी का है, यहां कार की टक्कर से एक बच्चा घायल हुआ है। परिजन उसे उपचार के लिए पंजाब के निजी अस्पताल ले गए हैं। वहीं पुलिस ने भी मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कुठियाड़ी में गांव का ही 5 वर्षीय कार्तिक पुत्र रविंद्र कुमार सड़क पार कर रहा था। इस दौरान अंब की ओर से आई एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में कार्तिक जख्मी हो गया। घटना के बाद उसे स्थानीय लोगों की मदद से अंब अस्पताल में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया।
इस पर परिजन उसे उपचार के लिए पंजाब के निजी अस्पताल ले गए हैं। उधर, डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।