Loading...

6 वर्षीय मासूम बच्चे को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, हुई मौत

Ankita • 21 May 2024 • 1 Min Read

HNN/ ऊना

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे देखने को मिल रहे है। मामला जिला ऊना में पुलिस थाना हरोली के तहत घालूवाल का है, यहां एक ट्रैक्टर ने 6 वर्षीय मासूम बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई है।

मृतक की पहचान कृष्ण कुमार पुत्र कुशो विंद निवासी ऐकानिया खुटियां, जिला खगडिय़ा बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। साथ ही ट्रैक्टर चालक देवजी विंद निवासी बिहार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सूरज कुमार निवासी बिहार अपने छोटे भाई कृष्ण कुमार के साथ घालूवाल में सड़क किनारे साइकिल की चेन ठीक कर रहा था। इसी दौरान घालूवाल की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर ने कृष्ण कुमार को टक्कर मार दी।

जबकि बड़े भाई सूरज ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद कृष्ण को घायल अवस्था में अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने मामले की पुष्टि की है।