766 विद्यार्थियों का अटका पंजीकरण, सुक्खू सरकार ने बंद किए इतने कॉलेज…
HNN/ शिमला
हिमाचल की सुक्खू सरकार की ओर से बंद किए गए संस्थानों की जद में प्रदेशभर के 24 कॉलेज भी आए हैं। इनमें पिछले सत्र में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले और पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों का अब विश्वविद्यालय में पंजीकरण अटक गया है। उनका पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। विश्वविद्यालय इन कॉलेजों को संबद्धता भी नहीं दे पा रहा है, क्योंकि ये कॉलेज डिनोटिफाई हो चुके हैं।
ऐसे में इनमें पढ़ने वाले प्रथम साल के 766 यूजी विद्यार्थी विश्वविद्यालय में पंजीकृत नहीं हो पा रहे हैं, जिस कारण वे परीक्षा फार्म भी अब तक नहीं भर पाए हैं। दरअसल, एचपीयू मार्च माह में यूजी प्रथम वर्ष की परीक्षाएं करवाने की तैयारी कर रहा है। ऐसे सरकार की ओर से बंद किए गए कॉलेजों के छात्र विवि के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं।
उनका पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। कोई रास्ता नहीं निकला तो ये विद्यार्थी परीक्षा देने से भी वंचित रह सकते है। विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. ज्योति प्रकाश ने माना कि सरकार के आदेशों पर अप्रैल 2022 के बाद एचपीयू की परिधि में आने वाले सात जिलों के कॉलेजों को बंद करने से पंजीकरण में पेश आ रही समस्या उनके ध्यान में लाई गई है।