Loading...

8931 दिन का ऐतिहासिक सफर: मोदी बने सबसे लंबे समय तक जनसेवा देने वाले नेता – बिंदल

Shailesh Saini • 22 Mar 2026 • 1 Min Read

विकास, विश्वास और राष्ट्र निर्माण की राजनीति से बदली देश की दिशा

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 8931 दिन पूर्ण करने पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि मोदी अब सबसे लंबे समय तक जनसेवा देने वाले जननेता बन गए हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का कार्यकाल विकास आधारित राजनीति का मजबूत उदाहरण रहा, जिसे उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने स्वयं को “प्रधानसेवक” के रूप में प्रस्तुत कर देश की राजनीति को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। आज देश आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक रूप से पहले से अधिक सशक्त हुआ है।

बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने का काम किया है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र देशभर में प्रभावी रूप से लागू हुआ है।

उन्होंने कहा कि 8931 दिनों का यह सफर केवल शासन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समर्पण, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक है।

डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहेंगे।