9 रूट पर शुरू होने जा रही नई वंदे भारत ट्रेन, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
भारतीय रेलवे देश में लगातार वंदे भारत एक्सप्रेस के नेटवर्क को बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में रेलवे 24 से 25 सितंबर के बीच अलग-अलग राज्यों में 9 वंदे भारत ट्रेनें लॉन्च करने जा रहा है। रेलवे राजस्थान, हैदराबाद, बिहार और ओडिशा के लिए वंदे भारत ट्रेन लॉन्च करने जा रहा है।
इन सभी ट्रेनों को पीएम नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। इन नौ वंदे भारत को मिलकर संचालित होने के बाद वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 33 पहुंच जाएगी। रेलवे करीब दो महीने बाद वंदे भारत का उद्घाटन करने जा रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी पुरी-राउरकेला-पुरी रूट पर 24 सितंबर को वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी इस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। वंदे भारत ट्रेन से पुरी से राउरकेला के बीच की दूरी सात घंटे तीस मिनट में तय होगी। ये वंदे भारत शनिवार को छोड़कर हफ्ते में छह दिन पटरियों पर दौड़ेगी।
पीएम मोदी 25 सिंतबर को हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच वंदे भारत को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। ये वंदे भारत बेंगलुरु में यशवंतपुर से लेकर हैदराबाद में काचीगुडा के बीच दौड़ेगी। झीलों के शहर उदयपुर से जयपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी 24 सितंबर को वर्चुअली इस ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। उदयपुर से जयपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ 24 सितंबर की दोपहर 12 बजे होगा और प्रधानमंत्री इसे वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। बिहार की राजधानी पटना से हावड़ा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है।
इसे 24 सितंबर से चलाने का फैसला किया गया है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन करेंगे। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पटना और हावड़ा के मध्य अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की जा रही है।