लावारिस पल्सर बनी पहेली, हिमाचल और पंजाब के दो नंबरों ने बढ़ाया रहस्य
नाहन में एनएच-07 पर कई दिनों से लावारिस पड़ी पल्सर 200 मोटरसाइकिल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बाइक पर हिमाचल प्रदेश और पंजाब के दो अलग-अलग नंबर अंकित होने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और वास्तविक स्थिति का पता लगाने की बात कही है।
नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर खजूरना पुल से कुछ दूरी पर कई दिनों से लावारिस हालत में पड़ी एक पल्सर 200 मोटरसाइकिल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बाइक की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस पर एक तरफ हिमाचल प्रदेश और दूसरी तरफ पंजाब का नंबर अंकित है, जिससे मामला रहस्यमय बन गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार मोटरसाइकिल कई दिनों से सड़क किनारे गिरी हुई है, लेकिन अब तक इसे लेने कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे किसी संदिग्ध गतिविधि से जोड़कर भी देख रहे हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
मोटरसाइकिल पर दो अलग-अलग राज्यों के नंबर दिखाई देने से भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यह बाइक यहां कैसे पहुंची, इसका वास्तविक मालिक कौन है और इसे इस हालत में क्यों छोड़ा गया, फिलहाल यह सब जांच का विषय बना हुआ है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस को तुरंत सूचित कर दिया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा।वहीं, सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। मोटरसाइकिल की जांच कर उसके मालिक, नंबर प्लेटों की सत्यता तथा इसे वहां छोड़ने के कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी।