Accident: आनी में शादी से लौट रही गाड़ी खाई में गिरी, चार लोगों की मौत और एक गंभीर घायल
Accident: कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में मंगलवार तड़के निगान-धारीपुर सड़क पर शादी समारोह से लौट रही एक गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कुल्लू/आनी
जानकारी के अनुसार पांच लोग एक गाड़ी में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब 3:30 बजे निगान-धारीपुर सड़क पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आनी के विधायक लोकेन्द्र कुमार भी हादसे की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार हादसे में राहुल राणा (25) पुत्र जगदीश चंद, बाल कृष्ण पुत्र ढीक राम, विकास उर्फ विक्की पुत्र हीरा सिंह और गुंजन पुत्र राम प्रकाश की मौत हुई है। चारों मृतक जाबो, डाकघर कराणा, तहसील आनी, जिला कुल्लू के निवासी थे। गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार (29) पुत्र मोहन लाल भी जाबो का निवासी है। चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रामपुर रेफर किया है।
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह क्या थी। विधायक लोकेन्द्र कुमार ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।