Accident / भरमौर में ब्रेक फेल होने पर पहाड़ी से टकराई वैन, दो गंभीर घायल
Accident / चंबा जिले के भरमौर में शुक्रवार सुबह बच्चों और बड़ों समेत नौ लोगों को ले जा रही मारुति वैन के ब्रेक फेल हो गए। लहाल ढांक में प्रथम कैलाश दर्शन के पास चालक ने अनियंत्रित वैन को खाई की तरफ जाने से रोकने के लिए पहाड़ी से टकरा दिया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि अन्य सवारों को भी चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए भरमौर अस्पताल पहुंचाया गया।
चंबा/भरमौर
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह तहसील के सेरी गांव का एक परिवार बच्चे के मुंडन के लिए भरमौर स्थित प्रसिद्ध चौरासी मंदिर आया था। धार्मिक कार्यक्रम पूरा होने के बाद परिवार के सदस्य मारुति वैन में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लहाल ढांक में वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए। वैन में बच्चों और बड़ों सहित कुल नौ लोग सवार थे। ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
चालक ने वैन को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए उसे पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। पहाड़ी से टकराने के बाद वाहन रुक गया। बताया गया है कि यदि वैन पहाड़ी से नहीं टकराती तो वह बुद्धिल नदी की ओर गिर सकती थी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी सवारों को वाहन से बाहर निकाला। दो गंभीर घायलों को भरमौर अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य सवारों को भी चोटें आई हैं।
हादसे में शामिल मारुति वैन का पंजीकरण नंबर JK-06A-3241 बताया गया है। चालक की सूझबूझ से वाहन रुकने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय परिवार मुंडन समारोह में शामिल होने के बाद भरमौर से लौट रहा था।
