Loading...

Accident / नहाते समय बाथरूम में गिरे भाजयुमो नेता जय प्रकाश ठाकुर, हुई मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 4 Hours Ago • 1 Min Read

Accident / उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह निवासी भाजयुमो नेता जय प्रकाश उर्फ जेपी ठाकुर का बुधवार सुबह निधन हो गया। नहाने के दौरान बाथरूम में अचानक गिरने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन पर भाजपा और कांग्रेस नेताओं सहित क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

संगड़ाह

उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह निवासी भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता जय प्रकाश उर्फ जेपी ठाकुर का बुधवार सुबह निधन हो गया। जानकारी के अनुसार जय प्रकाश नहाने के दौरान बाथरूम में अचानक गिर गए। परिजन उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल संगड़ाह ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। जय प्रकाश ठाकुर की आयु करीब 40 वर्ष थी। वह अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी और तीन बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक विक्रांत ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण हृदयाघात माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।जय प्रकाश ठाकुर के निधन पर भाजपा नेताओं नारायण सिंह, प्रताप तोमर, कुशल चौहान, बलवीर ठाकुर, विजेंद्र शर्मा, प्रताप सिंह, अनिल भारद्वाज और मनोज ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि पार्टी ने एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता खो दिया है।अंतिम संस्कार में कांग्रेस रेणुकाजी मंडल अध्यक्ष तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Related Topics: