Accident / सलूणी में अनियंत्रित कार नाले में गिरी, दो घायल, एक की हालत गंभीर
Accident : चंबा जिले के सलूणी उपमंडल में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है।
चंबा/सलूणी
जानकारी के अनुसार दुर्घटना सलूणी क्षेत्र के लंगेरा के समीप हुई। घायलों की पहचान भत्यूंड निवासी चतरो राम और खंडयारु निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार जैसे ही लंगेरा के पास पहुंची तो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे कलियूनी नाले में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को नाले से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किहार पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान एक घायल की स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया। दूसरे घायल का उपचार किहार अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। किहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।