गुरु नानक देव जी का संदेश मानवता की सबसे बड़ी पूंजी : डॉ. बिंदल
557वें प्रकाश पर्व पर नाहन के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा, प्रदेश की खुशहाली के लिए की अरदास
नाहन
हिमाचल दस्तक जिला ब्यूरो | नाहन
श्री गुरु नानक देव जी महाराज का जीवन केवल आध्यात्मिक चेतना का प्रकाश ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए समानता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता का अनमोल संदेश भी है। उनकी शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर नाहन के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के उपरांत कही।

डॉ. बिंदल ने गुरु चरणों में शीश नवाकर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का मार्ग दिखाया। आज के दौर में उनकी शिक्षाओं की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर की धरती का सिख गुरुओं से गौरवशाली ऐतिहासिक संबंध रहा है। वर्ष 1685 में सिरमौर रियासत के तत्कालीन राजा मेदिनी प्रकाश के निमंत्रण पर दशम पातशाही श्री गुरु गोविंद सिंह जी नाहन पधारे थे। इसके पश्चात उन्होंने यमुना के पावन तट पर पांवटा साहिब में अपना निवास स्थापित किया। यह गौरवशाली विरासत समूचे सिरमौर के लिए आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक है।
प्रकाश पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए डॉ. बिंदल ने मानवता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कामना की कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का प्रकाश हर हृदय तक पहुंचे, हर घर में खुशहाली हो और समाज में प्रेम एवं सद्भाव का दीप सदैव प्रज्वलित रहे। गुरु साहिब की कृपा से सभी को मानव कल्याण के मार्ग पर चलने की शक्ति मिले।

