Loading...

हादसा / कालाअंब में नाले के तेज बहाव में बहा 12 वर्षीय बच्चा, हरियाणा सीमा पर मिला शव

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 44 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा / सिरमौर जिले के कालाअंब स्थित रामपुर जटान क्षेत्र में मंगलवार सुबह नाले के किनारे खेल रहा 12 वर्षीय अमरजीत तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। पुलिस ने एनडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय लोगों के साथ कई घंटे तक तलाश की। शाम को हरियाणा सीमा में डेरा गांव के समीप बच्चे का शव बरामद हुआ।

कालाअंब

जानकारी के अनुसार अमरजीत निवासी करताहन, तहसील लालगंज, जिला वैशाली, बिहार अपने साथियों के साथ नाले के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक पानी में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। घटनास्थल के पास बच्चे की चप्पल मिलने के बाद परिजनों ने कालाअंब पुलिस को हादसे की सूचना दी।

सुबह से शाम तक चला सर्च अभियान

सूचना मिलने के बाद कालाअंब पुलिस ने एनडीआरएफ और होमगार्ड जवानों को साथ लेकर स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया। टीमों ने नाले के आसपास और पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में बच्चे की तलाश की। सुबह से जारी अभियान के दौरान शाम को हरियाणा सीमा में डेरा गांव के समीप उसका शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। कालाअंब पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मंगलवार को जिले के ऊपरी क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों के नदी-नालों में अचानक पानी बढ़ गया था।

नदी-नालों से दूर रहने का आह्वान

खराब मौसम और बारिश को देखते हुए प्रशासन लोगों से नदी-नालों से दूर रहने का आह्वान करता रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। रामपुर जटान क्षेत्र में भी बारिश के बाद नाले का बहाव तेज हो गया था। इसी दौरान किनारे खेल रहा बच्चा पानी की चपेट में आया और बह गया।

Related Topics: