Loading...

Accident / चलती बस की खिड़की से सिर बाहर निकालना पड़ा भारी, 12वीं के छात्र की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

Accident / कुपवी में राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के बाद घर लौट रहे 12वीं कक्षा के छात्र आयुष कौंडल की सड़क हादसे में मौत हो गई। बस में यात्रा के दौरान खिड़की से बाहर निकला उसका सिर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गया था। गंभीर रूप से घायल छात्र को नागरिक अस्पताल कुपवी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हरिपुरधार/संगड़ाह

हादसा कुपवी से करीब तीन किलोमीटर दूर धार च्यामा के पास हुआ। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी अपने गृह जिलों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाल्टी, हमीरपुर की टीम को लेकर जा रही बस पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी। प्रारंभिक रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आयुष खिड़की के पास बैठा था और सफर के दौरान उसने अपना सिर बाहर निकाला था। संकरे और मोड़दार रास्ते पर उसका सिर सड़क किनारे स्थित खंभे से टकरा गया।

टक्कर लगने के बाद आयुष गंभीर रूप से घायल होकर बस के भीतर गिर गया। घटना के तुरंत बाद शिक्षकों और सहपाठियों ने एंबुलेंस तथा स्थानीय वाहनों की सहायता से उसे नजदीकी नागरिक अस्पताल कुपवी पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत नाजुक थी। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसकी जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान आयुष कौंडल पुत्र हुकम सिंह के रूप में हुई है। वह हमीरपुर जिले के गांव बखरोटी, डाकघर लज्या का निवासी था और 12वीं कक्षा में पढ़ता था। छात्र की मौत से परिवार, विद्यालय, खेल जगत और उसके पैतृक क्षेत्र में शोक है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Topics: •