Loading...

चौकीमन्यार महाविद्यालय की छात्र केंद्रीय परिषद ने ली पद एवं दायित्व की शपथ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 36 Mins Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नवगठित कॉलेज छात्र केंद्रीय परिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने पदाधिकारियों और सदस्यों को उनके पद एवं दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई। समारोह का आयोजन सहायक आचार्य प्रो. कविता कौशल के मार्गदर्शन में किया गया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

समारोह के दौरान सूर्ययवीर सिंह को परिषद का अध्यक्ष, वंश डरोच को उपाध्यक्ष, तानिया को सचिव और आदित्य चौधरी को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। करनवीर सिंह, मीनाक्षी, खुशी और मुमताज बेगम ने परिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बैज पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

नेतृत्व और अनुशासन पर दिया जोर

प्राचार्य ने कहा कि छात्र केंद्रीय परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामूहिक सहयोग और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही परिषद की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए सदस्यों से इसके संविधान और नियमों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।

उन्होंने पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ करने को कहा। प्राचार्य ने विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रो. कविता कौशल, डॉ. राम कुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा और महाविद्यालय के गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।