Accident: क्यारदा में जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक पर मामला दर्ज
Accident: सिरमौर जिले के क्यारदा में जेसीबी की टक्कर से घायल मोटरसाइकिल चालक विकास की पांवटा साहिब अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 16 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना माजरा में जेसीबी चालक ज्ञान चन्द के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
पुलिस को दी शिकायत में पुरुवाला कांशीपुर निवासी संजय कुमार ने बताया कि वह माजरा से अपने घर जा रहा था। क्यारदा के पास एक मोटरसाइकिल चालक अपनी सही दिशा में पांवटा साहिब की ओर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पांवटा साहिब से माजरा की तरफ आ रही जेसीबी के चालक ने कट मारते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल चालक जेसीबी की बकेट में जा गिरा, जबकि मोटरसाइकिल सड़क पर गिर गई।
पुलिस के अनुसार, जेसीबी का पंजीकरण नंबर HP17D-0858 पाया गया और चालक ने अपनी पहचान टोका नगला निवासी ज्ञान चन्द के रूप में बताई। घायल मोटरसाइकिल चालक की पहचान पुरुवाला कांशीपुर निवासी विकास पुत्र जगदीश चन्द के रूप में हुई। उसे एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। माजरा पुलिस ने जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी रखी है।