Accident / रावी नदी में नहाने उतरे व्यक्ति की डूबने से मौत, परिवार के सामने हुआ हादसा
Accident : चंबा जिले में रावी नदी में नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब व्यक्ति अपने परिवार के साथ बालू क्षेत्र में घूमने गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंबा
मृतक की पहचान अमित कुमार पुत्र दलीप कुमार निवासी मोहल्ला पक्काटाला, चंबा के रूप में हुई है। वह स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत था। बताया गया है कि अमित कुमार रविवार को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बालू कस्बे के समीप घूमने गया था। इसी दौरान वह नहाने के लिए रावी नदी में उतर गया।
नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आया
जानकारी के अनुसार नहाने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गया। किनारे पर मौजूद उसकी पत्नी और बच्चों ने उसे डूबते देख शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी के बहाव के साथ काफी दूर निकल चुका था।
सर्च अभियान के दौरान मिला शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों के सहयोग से रावी नदी में सर्च अभियान चलाया गया। बाद में घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप अमित कुमार का शव पानी में तैरता हुआ बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। जिला पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।