Loading...

Accident / मिंजर मेला देखकर लौट रहे दो युवकों की बाइक साल खड्ड में गिरी, एक युवक लापता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 58 Mins Ago • 1 Min Read

Accident : चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले से लौट रहे दो युवकों के साथ रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बालू-साहो मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर साल खड्ड में जा गिरी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा सक्षम लापता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

चंबा

पुलिस के अनुसार दुर्घटना पक्काटाला स्थित काली माता मंदिर के समीप रात करीब 10:30 बजे हुई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने खड्ड में गिरे शुभम पुत्र अनिल कुमार निवासी सरू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुभम अपने मित्र सक्षम के साथ मोटरसाइकिल (एचपी-48बी-0920) पर साहो से बालू की ओर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक गहरी खड्ड में जा गिरे।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

शुभम को सुरक्षित निकालने के बाद स्थानीय लोगों ने दूसरे युवक की तलाश भी शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। हादसे में मोटरसाइकिल भी खड्ड में गिर गई, जिसका भी अब तक पता नहीं लग पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू कर दी।

साल खड्ड में लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से साल खड्ड में लापता युवक की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि युवक का पता लगाने के लिए सभी संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Related Topics: